मध्य प्रदेशसिंगरौली

कठेरी में हैवी ब्लास्टिंग से घरों में पड़ी दरारें

ग्रामीणों के सिर पर मंडरा रहा खतरा, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

सिंगरौली। जिले के सरई तहसील अंतर्गत ग्राम कठेरी में पत्थर खदान में की जा रही हैवी ब्लास्टिंग से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिव शक्ति क्रेशर द्वारा आबादी से महज 100 से 300 मीटर की दूरी पर लगातार ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे आसपास के दर्जनों कच्चे और पक्के मकानों में गंभीर दरारें पड़ गई हैं।


स्थानीय लोगों के अनुसार ब्लास्टिंग के समय इतनी तेज कंपन होती है कि घरों की दीवारें हिलने लगती हैं, खपरैल वाले मकानों के दरवाजे आपस में टकराते हैं और कई स्थानों पर दीवारें फट चुकी हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने शिव शक्ति क्रेशर संचालक पर नियमों की अनदेखी करते हुए लापरवाही से ब्लास्टिंग करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खनन एवं विस्फोट से जुड़े सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। कई बार सरपंच और जिला प्रशासन को लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।स्थानीय निवासी विजय कुमार साहू ने बताया कि हैवी ब्लास्टिंग के कारण उनके घर की दीवारों में दरारें आ गई हैं और परिवार हमेशा डर के माहौल में रह रहा है। वहीं किसान सुंदर साहू ने कहा कि उनके घर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे चारों ओर की दीवारें फट चुकी हैं, बावजूद इसके शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर ब्लास्टिंग पर रोक लगाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button