मध्य प्रदेशसिंगरौली

सरई क्षेत्र में दुकानों व ढाबों पर खुलेआम परोसी जा रही शराब

अवैध शराब के बढ़ते कारोबार से युवा पीढ़ी हो रही बर्बाद

सिंगरौली। सरई थाना क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। नगर परिषद क्षेत्र से लेकर आसपास के ग्रामीण अंचलों तक दुकानों, ढाबों और मोहल्लों में खुलेआम शराब परोसे जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबकारी विभाग की निष्क्रियता के चलते शराब माफिया बेखौफ होकर इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार आबकारी विभाग फिलहाल केवल शासकीय शराब दुकानों के संचालन तक ही सीमित नजर आ रहा है, जबकि अवैध शराब की सप्लाई नगर और गांवों में धड़ल्ले से की जा रही है। सरई नगर के कई ढाबों और वार्डों में शराब आसानी से उपलब्ध हो रही है। बताया जा रहा है कि शराब माफिया गांव-गांव कोचियों के माध्यम से सप्लाई का नेटवर्क चला रहे हैं। कुछ लोग एक से लेकर 10-20 गांवों तक का अवैध ठेका लेकर गांव के ही व्यक्तियों को मामूली मजदूरी पर बैठाकर शराब बिकवा रहे हैं, जबकि खुद मोटी कमाई कर रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि बड़े गांवों में अवैध शराब का ठेका तीन लाख रुपये तक पहुंच चुका है। आदर्श ग्राम और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े गांवों में भी इस अवैध कारोबार ने अपनी जड़ें जमा ली हैं, जिससे गांवों की सामाजिक गरिमा प्रभावित हो रही है और युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जा रही है।

शराबियों के कारण दिन-रात होने वाले झगड़ों से गृहिणियां परेशान हैं। गली-मोहल्लों में शराबियों की आवाजाही से महिलाओं और बच्चों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बावजूद इसके अब तक आबकारी विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे विभाग की कार्यशैली और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध शराब पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button