Blog

पत्थर खदान की अवैध ब्लास्टिंग से ग्राीमीणों में दहशत, कलेक्टर से लगाई गुहार

सिंगरौली- जिले में संचालित एक निजी पत्थर खदान में हो रही कथित अवैध और असुरक्षित ब्लास्टिंग से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्राम पंचायत जोगियानी और सेमरिया के ग्रामीणों ने मकरोहर स्थित खदान के खिलाफ जिला कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि बी. अग्रवाल नामक व्यक्ति की पत्थर खदान मुख्य मार्ग से करीब 20 मीटर की दूरी पर संचालित हो रही है। खदान के आसपास रिहायशी मकान, दुकानें, क्लीनिक और होटल मौजूद हैं, जिससे क्षेत्र में हमेशा लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि खदान क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी कोई चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार खदान में लगातार भारी ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे पत्थरों के बड़े-बड़े टुकड़े सड़कों और घरों पर गिर रहे हैं। इससे कई मकानों और दुकानों में दरारें आ गई हैं और भवनों को नुकसान पहुंच रहा है। शिकायत में बताया गया कि 28 दिसंबर 2025 को हुई ब्लास्टिंग के दौरान भी पत्थर आबादी क्षेत्र में गिरे, जिसका वीडियो ग्रामीणों के पास मौजूद है। इसके अलावा सड़क की पटरी धंसने और मकानों के गिरने का खतरा भी बताया गया है।ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने खदान संचालक और ठेकेदार से ब्लास्टिंग रोकने की मांग की तो उन्हें धमकाया गया।

मकरध्वज बैस सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर के साथ पुलिस अधीक्षक, मुख्यमंत्री और मानवाधिकार आयोग को भी शिकायत की प्रतिलिपि भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी जनहानि की आशंका है।

Author

Related Articles

Back to top button