पटवारी शैलजा त्रिपाठी ने जरूरतमंद बच्चों के संग मनाया जन्मदिन

सरई (सिंगरौली)। जिले के सरई तहसील अंतर्गत साजापानी हल्के की पटवारी शैलजा त्रिपाठी ने अपने जन्मदिन को सामाजिक सरोकार और सेवा भावना से जोड़ते हुए प्रेरणादायक पहल की। उन्होंने मंगलवार को शासकीय जनजातीय बालक आश्रम शाला, साजापानी पहुंचकर विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री, पाठ्य-पुस्तकें, स्कूली बैग तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की।
जन्मदिन जैसे निजी अवसर को जनसेवा से जोड़ते हुए पटवारी शैलजा त्रिपाठी ने बच्चों के बीच शिक्षा सामग्री वितरित कर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी। इस पहल से विद्यार्थियों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। शिक्षा सामग्री प्राप्त कर बच्चों ने खुशी जताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।इस दौरान शैलजा त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत का महत्व बताया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन को नई दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है और यही समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।उल्लेखनीय है कि शैलजा त्रिपाठी पिछले सात वर्षों से सरई तहसील के विभिन्न हल्कों में अपनी सेवाएं दे रही हैं। अपने प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। जन्मदिन को सेवा और शिक्षा के माध्यम से मनाकर उन्होंने समाज को सकारात्मक संदेश दिया है, जिसे क्षेत्र में सराहना मिल रही है।











