पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित, फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण

सिंगरौली।पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सिंगरौली में आज दिनांक 20 जनवरी 2026 को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई का नेतृत्व नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री पी.एस. परस्ते द्वारा किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं।
जनसुनवाई के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों में त्वरित एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निराकरण समय-सीमा में करते हुए फरियादियों को संतोषजनक राहत प्रदान की जाए।
महिला फरियादियों की शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला अधिकारियों द्वारा उनकी काउंसलिंग कराई गई। घरेलू विवाद, पारिवारिक कलह एवं अन्य मामलों में महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुनते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में उप निरीक्षक श्रीमती शीतला यादव चौकी प्रभारी खुटार, उप निरीक्षक श्री अभिषेक पाण्डेय थाना विंध्यनगर, उप निरीक्षक श्रीमती रुपा अग्निहोत्री थाना बैढ़न, उप निरीक्षक स्वतंत्र रावत सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सिंगरौली पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जनहित में इस प्रकार की जनसुनवाई नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि नागरिकों को पुलिस कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।













