ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

सागर में नर्स की गोली मारकर हत्या, शादी से इनकार पर वारदात की आशंका

जबलपुर/सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां जबलपुर निवासी युवक ने अस्पताल के बाहर ड्यूटी पर तैनात एक नर्स की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना शाहगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने करीब रात 8:30 बजे हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतका की पहचान 25 वर्षीय नर्स दीपशिखा के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

शादी के लिए दबाव बनाने की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक जबलपुर के कटंगी-पाटन क्षेत्र का रहने वाला है और शाहगढ़ में अपने एक दोस्त के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतका एक-दूसरे को जानते थे। जानकारी के अनुसार युवक नर्स पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। युवती द्वारा इनकार किए जाने के बाद ही आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया होने की आशंका जताई जा रही है।

अस्पताल के बाहर की फायरिंग

घटना के समय नर्स दीपशिखा ड्यूटी पर थीं। अस्पताल परिसर से बाहर निकलते ही आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली दीपशिखा की पीठ में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए बंडा एसडीओपी प्रदीप वाल्मिकी और सागर एएसपी डॉ. संजीव उइके भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button