तेज रफ्तार कोयला ट्रेलर ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, मौके पर मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ोखर गांव में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर वाहन ने बाइक सवार पति-पत्नी को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान तुलसीराम साकेत (40 वर्ष), पिता काशी प्रसाद साकेत एवं उनकी पत्नी सुनीता साकेत (लगभग 35 वर्ष) निवासी बड़ोखर अण्हवाटोला, थाना बरगवां के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दंपति बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो गए और नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन द्वारा लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।













