मध्य प्रदेशसिंगरौली

गुरहर पहाड़ में सोने की खदान को लेकर जनसुनवाई, ग्रामीणों ने जताई चिंता


सिंगरौली। जिले के चितरंगी तहसील अंतर्गत सिलफोरी क्षेत्र में गुरहर पहाड़ में प्रस्तावित सोने की खदान परियोजना को लेकर बुधवार को लोक जनसुनवाई आयोजित की गई। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया तथा परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराईं।
मेसर्स कुंदन गोल्ड माइंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित इस परियोजना के तहत करीब 149.30 हेक्टेयर क्षेत्र में खनन कार्य किए जाने की योजना है। कंपनी के अनुसार, हर वर्ष लगभग 0.13 मिलियन टन सोने के अयस्क का उत्खनन किया जाएगा। अनुमान है कि खनन कार्य लगभग 35 वर्षों तक चलेगा और इस अवधि में करीब 39.2 टन सोना प्राप्त होने की संभावना है। वर्तमान बाजार दर के आधार पर इस सोने की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 74 हजार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

जनसुनवाई के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने खनन से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव, जल स्रोतों के संभावित संकट तथा वन क्षेत्र को होने वाले नुकसान को लेकर चिंता व्यक्त की। इसके साथ ही ग्रामीणों ने विस्थापन की स्थिति में उचित मुआवजा, पुनर्वास और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग भी रखी।

कंपनी के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि परियोजना के दौरान पर्यावरणीय मानकों का पूरी तरह पालन किया जाएगा और स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त सुझावों और आपत्तियों को संकलित कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक निवेश और विकास की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं।

Author

Related Articles

Back to top button