गरुड़ दल की आकस्मिक कार्रवाई, रेस्टोरेंट और ढाबे पर जुर्माना, अवैध मदिरा बार सील
साफ-सफाई में लापरवाही और बिना लाइसेंस संचालन पर प्रशासन सख्त

जबलपुर। जिला प्रशासन द्वारा गठित गरुड़ दल ने दीनदयाल चौक बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित बड़कुल रेस्टोरेंट, बिट्टू दा ढाबा और मदिरा बार का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुंडेश्वर धाम प्रगति गनवीर के नेतृत्व में की गई। निरीक्षण टीम में तहसीलदार वीर बहादुर सिंह धुर्वे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद धुर्वे, आबकारी निरीक्षक अंकित जैन तथा माढ़ोताल थाना पुलिस बल शामिल रहा।
निरीक्षण के दौरान बड़कुल रेस्टोरेंट और बिट्टू दा ढाबा में साफ-सफाई की कमी तथा किचन में बिना ग्लव्स के भोजन तैयार किया जाना पाया गया। इस पर नगर निगम की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना लगाते हुए कुल 10 हजार रुपए का अर्थदंड वसूला। साथ ही बड़कुल रेस्टोरेंट के किचन से पनीर और पापड़ सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
वहीं बिट्टू दा ढाबा के ऊपर संचालित मदिरा बार और पब में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि बार बिना लाइसेंस और सक्षम अनुमति के संचालित किया जा रहा था। इस पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बार को सील कर दिया और वहां से बरामद विदेशी शराब को जब्त कर आबकारी विभाग के सुपुर्द किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि मदिरा बार का वार्षिक टर्नओवर लगभग 40 लाख रुपए होने के बावजूद संचालक के पास एफएसएसएआई का लाइसेंस नहीं था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा और नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













