46वीं सब-जूनियर जोनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का समापन

सिंगरौली। 19 से 21 फरवरी तक आयोजित 46वीं सब-जूनियर जोनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का सफलतापूर्वक समापन हो गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न जोनों की टीमों ने भाग लेकर उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम सिंगरौली के अध्यक्ष देवेश पांडेय एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक रामलल्लू बैस ने की।प्रतियोगिता के आयोजन में जिला एमेच्योर वॉलीबॉल संघ सिंगरौली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।प्रतियोगिता के परिणामों में युवक वर्ग में नर्मदापुरम जोन विजेता रहा, जबकि युवती वर्ग में छिंदवाड़ा जोन ने पहला स्थान प्राप्त किया। सिंगरौली जिला टीम ने दोनों वर्गों में तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के आधार पर दोनों वर्गों की टीमों का चयन राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए किया गया है, जो कोलकाता में आयोजित होगी। सिंगरौली जिले से कुल चार खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है। आयोजन समिति ने सभी सहयोगकर्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।













