चितरंगी क्षेत्र में बाबू का शव पेड़ से लटका मिला, जांच जारी

सिंगरौली -जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरफरी में पदस्थ बाबू गजेंद्र सिंह का शव जंगल में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला है।
जानकारी के अनुसार 31 वर्षीय गजेंद्र सिंह सीधी जिले के अतरैला गांव के निवासी थे और वर्ष 2014 से हरफरी विद्यालय में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले उन्होंने अपनी मां के मोबाइल पर संदेश भेजा था कि “मुझे लोग मार डालेंगे।” इसके अगले दिन उनका शव सौ कोहंडल जंगल में पेड़ से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हत्या की आशंका को देखते हुए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक स्थिति का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।













