मध्य प्रदेशसिंगरौली

राष्ट्रीय सेवा योजना का एक दिवसीय शिविर, युवाओं ने निकाली जागरूकता पदयात्रा

सिंगरौली। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम एवं तृतीय के तत्वावधान में 27 फरवरी 2026 को नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ तीसरा एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
मुख्य अतिथि समाजसेवी हरिशंकर गुप्ता ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही नशा मुक्ति का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि कोई भी राष्ट्र नशा मुक्त समाज के बिना उन्नति नहीं कर सकता। इस दिशा में युवाओं की भूमिका अनुकरणीय है।

मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम के मानव संसाधन प्रबंधक अनुग्रह मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के मंच से नशा मुक्त समाज का संकल्प समयानुकूल और निर्णायक कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्वयंसेवकों का यह प्रयास शक्तिनगर तथा आसपास के क्षेत्रों में सकारात्मक प्रभाव डालेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए परिसर प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार यादव ने युवाओं का आह्वान किया कि जिस दिशा में युवा शक्ति आगे बढ़ती है, समाज भी उसी दिशा में चलता है।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने ध्वज और तख्तियों के साथ एमजीआर बस्ती से बस अड्डे तक पदयात्रा निकालकर नशा मुक्ति का संदेश दिया। रैली पुनः विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय एवं डॉ. छोटेलाल प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Author

Related Articles

Back to top button