मैहर शारदा मंदिर का रोपवे 14 मार्च तक बंद, चैत्र नवरात्र से पहले हो रहा रखरखाव

मैहर। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ Maihar Sharda Devi Temple में चैत्र नवरात्र की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी के चलते मंदिर का रोपवे 14 मार्च तक बंद कर दिया गया है। रोपवे प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रखरखाव का काम किया जा रहा है।
प्रबंधन के अनुसार रोपवे की मशीनों और केबिन की तकनीकी जांच तथा मरम्मत का कार्य किया जा रहा है, ताकि चैत्र नवरात्र के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारु सेवा मिल सके।
श्रद्धालुओं को सीढ़ियों से ही करना होगा दर्शन
रोपवे बंद होने के कारण इस दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर बने करीब एक हजार से अधिक सीढ़ियों के रास्ते से ही मंदिर तक पहुंचना होगा। फिलहाल रोपवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।
पहले से बुक टिकटों का दिया जा रहा रिफंड
रोपवे प्रबंधन ने बताया कि कई श्रद्धालुओं ने बंदी की जानकारी से पहले ही टिकट बुक कर लिए थे।
5 मार्च से 15 मार्च के बीच यात्रा के लिए 18 लोगों द्वारा कुल 77 अग्रिम टिकट बुक किए गए थे।
इनमें से 8 रिफंड (33 यात्रियों) के पैसे वापस कर दिए गए हैं।
5 रिफंड (30 यात्रियों) का भुगतान अभी लंबित है, क्योंकि उनके बैंक खाते का विवरण प्राप्त नहीं हुआ है।
वहीं 5 टिकट धारकों ने प्रबंधन के कॉल का जवाब नहीं दिया है।
जानकारी न होने से कई श्रद्धालु पहुंच रहे मैहर
रोपवे बंद होने की जानकारी न होने के कारण कई श्रद्धालु मैहर पहुंच रहे हैं। ऐसे श्रद्धालुओं को प्रबंधन द्वारा रोपवे बंद होने की सूचना देने के साथ ही रिफंड प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
चैत्र नवरात्र में बढ़ती है भारी भीड़
गौरतलब है कि चैत्र नवरात्र के दौरान Maihar Sharda Devi Temple में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भीड़ को देखते हुए रोपवे सेवा मंदिर तक पहुंचने का प्रमुख साधन बन जाती है। इसी कारण हर साल नवरात्र से पहले इसका तकनीकी रखरखाव किया जाता है।













