एनएच-39 देवसर रोड बना ‘खलिहान’, सड़क पर सूख रहा अनाज; हादसे का खतरा बढ़ा

सिंगरौली। जिले के National Highway 39 के देवसर मार्ग का इन दिनों अजीब हाल देखने को मिल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही ग्रामीणों ने अनाज सुखाने के लिए सड़क को खलिहान बना दिया है। सड़क पर बड़ी मात्रा में फैले अनाज के कारण यहां से गुजरने वाले वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार देवसर मार्ग पर कई स्थानों पर किसान सड़क के बीचों-बीच धान और अन्य अनाज फैला कर सुखा रहे हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और वाहनों के निकलने में दिक्कत होती है। तेज रफ्तार वाहन चालकों को अचानक सामने अनाज फैला होने के कारण ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
राहगीरों का कहना है कि दिन के समय तो वाहन चालक किसी तरह सावधानी बरतकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। अंधेरे में सड़क पर फैला अनाज दिखाई नहीं देता, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह अनाज सुखाने पर रोक लगाई जाए और किसानों को इसके लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि सड़क पर आवागमन सुरक्षित बना रहे।













