दीर्घकालिक लाभ का रोडमैप: विधायक रामनिवास शाह ने बजट का किया स्वागत

सिंगरौली। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने प्रदेश के वित्त मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा पेश किए गए आम बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ पहुंचाने वाला है।
उन्होंने कहा कि बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और युवाओं के रोजगार के अवसरों को संतुलित रूप से आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है। निवेश को शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में समान रूप से बांटा गया है, जिससे समावेशी विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
विधायक शाह के अनुसार, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा के विस्तार, कृषि उन्नयन और सड़कों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। हजारों किलोमीटर नई सड़कों के निर्माण और दूर-दराज गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने की योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी।
कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं में वृद्धि, फसल बीमा और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन जैसे कदम किसानों के हित में बताए गए हैं। साथ ही ई-बस सेवा और एएमआरयूटी 2.0 जैसे पर्यावरण हितैषी कार्यक्रमों के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को और सशक्त किया गया है, जिससे सामाजिक सुरक्षा और समग्र विकास को बल मिलेगा।













