झुरही जंगल लूटकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी बलवान उर्फ बंगला पारधी फरार

सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र में झुरही जंगल के पास हुई लूट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस वारदात का मुख्य आरोपी बलवान उर्फ बंगला पारधी अभी भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 2026 को फरियादी अमित कुमार द्विवेदी निवासी झखरावल ने थाना जियावन में शिकायत दर्ज कराई थी कि झुरही जंगल के पास अज्ञात बदमाशों ने उन पर पत्थर और डंडों से हमला कर 2 लाख 67 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। दिनदहाड़े हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
घटनास्थल के निरीक्षण और करीब 50 संदिग्धों से पूछताछ के बावजूद जब कोई ठोस सुराग नहीं मिला और फरियादियों के बयानों में विरोधाभास सामने आया, तो पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर फरियादियों ने स्वीकार किया कि मामला साधारण लूट का नहीं बल्कि “सस्ते सोने” के लालच में रची गई साजिश से जुड़ा है।
ऐसे रची गई थी पूरी साजिश
जांच में सामने आया कि आरोपी अनिल सिंह निवासी कचनी और शिवमंगल सिंह निवासी गनियारी कई महीनों से कटनी के शातिर ठग बलवान उर्फ बंगला पारधी के संपर्क में थे। योजना के तहत 2 फरवरी 2026 को आरोपियों ने बैढ़न स्थित एक ज्वेलरी दुकान में असली सोने का टुकड़ा दिखाकर फरियादियों का विश्वास जीता।इसके बाद 25 फरवरी को सस्ता सोना दिलाने के बहाने फरियादियों को झुरही जंगल के सुनसान इलाके में बुलाया गया, जहां पहले से घात लगाए बैठे बलवान पारधी और उसके साथियों ने हमला कर उनसे 2 लाख 67 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस वारदात में अनिल सिंह और शिवमंगल सिंह को 10 प्रतिशत कमीशन देने की बात तय हुई थी।
दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनिल सिंह और शिवमंगल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर बैढ़न स्थित ज्वेलरी दुकान के सीसीटीवी फुटेज भी जब्त किए गए हैं, जिनमें आरोपियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।वहीं मुख्य आरोपी बलवान उर्फ बंगला पारधी की तलाश में पुलिस टीम ने कटनी जिले के कुठिला और रीठी थाना क्षेत्रों में दबिश दी है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की पहचान बंगला उर्फ बलवान पारधी के रूप में हुई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।













