सिवनी में रेल हादसा: शहडोल–नागपुर ट्रेन का ब्रेकवान पटरी से उतरा, महिला यात्री घायल

Jabalpur। मध्य प्रदेश के Seoni जिले में शुक्रवार 13 मार्च को एक रेल हादसा हो गया। Shahdol से Nagpur की ओर जा रही एक रेलगाड़ी का सबसे अंतिम डिब्बा यानी ब्रेकवान अचानक पटरी से उतर गया। यह घटना Kheraji Railway Station के पास हुई, जिसके बाद पूरे रेल खंड में हड़कंप मच गया। हादसे में एक महिला यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि रेलगाड़ी अपने निर्धारित मार्ग पर सामान्य गति से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान अचानक तेज झटका लगा और ब्रेकवान के पहिए पटरी से नीचे उतर गए। तेज आवाज और अचानक हुए झटके से डिब्बों में बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सामान गिरने से महिला यात्री घायल
हादसे के दौरान डिब्बे के अंदर सामान रखने वाली जगह से एक भारी अटैची अचानक नीचे गिर गई। यह अटैची सीधे एक महिला यात्री के ऊपर जा गिरी, जिससे वह घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञों की टीम, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) का दल तुरंत मौके पर पहुंच गया। घायल महिला को तत्काल प्राथमिक उपचार दिलाया गया और उसकी स्थिति का आकलन किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में इस दुर्घटना के पीछे तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
रेल यातायात प्रभावित
ब्रेकवान के पटरी से उतरने की घटना के बाद संबंधित रेल मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित हो गया है। तकनीकी दल युद्ध स्तर पर पटरी को ठीक करने और बेपटरी हुए ब्रेकवान को दोबारा पटरी पर लाने के काम में जुटा हुआ है।
समाचार लिखे जाने तक इस मार्ग पर रेल आवाजाही रुकी हुई थी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि ट्रैक की पूरी तरह सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही रेलगाड़ियों का संचालन सामान्य किया जाएगा।













