एनटीपीसी विंध्याचल ने सरकारी विद्यालयों को दिए 105 पंखे और 4 वाटर कूलर

विंध्यनगर। एनटीपीसी के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर एनटीपीसी विंध्याचल ने सामाजिक सरोकारों की दिशा में विशेष पहल करते हुए आसपास के सरकारी विद्यालयों को 105 सीलिंग पंखे और 4 वाटर कूलर वितरित किए। 7 नवंबर 2026 को नैगम सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत की गई इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में एनटीपीसी विंध्याचल के कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता, महाप्रबंधक एम. सुरेश, डॉ. बी.के. भराली, देवब्रत त्रिपाठी, निर्मल कुमार सिंह, सी.बी. ओझा, टी.एन. सीतारामन और मानव संसाधन प्रमुख अनिरुद्ध सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर सुहासिनी संघ की अध्यक्षा पद्मालया होता अपनी टीम के साथ शामिल हुईं। सीआईएसएफ के प्रतिनिधियों और संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
एनटीपीसी की इस पहल से विद्यालयों की कक्षाओं में गर्मी से राहत मिलेगी और विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। पंखों और वाटर कूलर का वितरण विद्यार्थियों के लिए स्वस्थ एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से एनटीपीसी विंध्याचल ने शिक्षा के विकास, सामुदायिक कल्याण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।













