गोबर से बने ऑर्गेनिक दीये भेंट कर गौसेवा संस्थान ने किया नवागत कलेक्टर का स्वागत

सिंगरौली। दीपावली के अवसर पर गौसेवा संस्थान सिंगरौली की युवा टीम ने नवागत कलेक्टर अंकित अस्थाना से सौजन्य मुलाकात कर उनका स्वागत किया। इस दौरान संस्थान के सदस्यों उत्कर्ष, नितिन और अभय ने कलेक्टर को गोबर से तैयार पारंपरिक एवं ऑर्गेनिक दीये भेंट किए। टीम ने पर्यावरण अनुकूल दीपावली का संदेश देते हुए गोवंश के महत्व और गोबर से बनने वाले उपयोगी उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।
मुलाकात के दौरान संस्थान की टीम ने कलेक्टर को बताया कि गौसेवा संस्थान पिछले 5 वर्षों से घायल, निराश्रित और बेसहारा गोवंश सहित अन्य पशुओं के रेस्क्यू, उपचार एवं संरक्षण के कार्य में जुटा है। सीमित संसाधनों के बावजूद संस्थान की युवा टीम लगातार पशुसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
कलेक्टर अंकित अस्थाना ने संस्थान के सेवा कार्यों की जानकारी ली और टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इसी माह संस्थान के पशु आश्रय स्थल का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं और टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लेने का आश्वासन दिया।
संस्थान की टीम ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और सहयोग से सिंगरौली में घायल एवं निराश्रित पशुओं के संरक्षण तथा उनके लिए बेहतर आश्रय व्यवस्था विकसित करने की दिशा में नए प्रयासों को गति मिलेगी। टीम ने कहा कि पिछले 5 वर्षों से जारी सेवा अभियान आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी रहेगा।













