बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनटीपीसी विंध्याचल में उत्साह के साथ मना 52वां स्थापना दिवस, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मिले पुरस्कार

 

विंध्यनगर। एनटीपीसी विंध्याचल में 7 नवंबर 2026 को एनटीपीसी लिमिटेड का 52वां स्थापना दिवस गर्व और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित समारोह का शुभारंभ कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता ने एनटीपीसी ध्वज फहराकर किया। इसके बाद एनटीपीसी गीत का सामूहिक गायन हुआ और श्री होता ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उन्होंने कोयला आधारित विद्युत उत्पादन से लेकर विविध ऊर्जा क्षेत्रों में अग्रणी संस्थान बनने तक एनटीपीसी की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा, सतत विकास, वित्तीय प्रदर्शन और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में संगठन की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए भारत की प्रगति और ऊर्जा परिवर्तन में एनटीपीसी की प्रतिबद्धता दोहराई।

समारोह में एनटीपीसी कॉर्पोरेट सेंटर से अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। उन्होंने एनटीपीसी परिवार को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा और परिचालन उत्कृष्टता को संगठन की निरंतर प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा भविष्य की दिशा में एनटीपीसी की महत्वाकांक्षी कार्ययोजना पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर सामूहिक एकता और उपलब्धियों के प्रतीक स्वरूप केक काटा गया तथा गुब्बारे छोड़े गए। उत्कृष्ट योगदान और अनुकरणीय कार्यप्रदर्शन के लिए विंध्याचल परियोजना के कर्मचारियों को 7 ‘पावर एक्सेल अवॉर्ड’ और 2 ‘एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर अवॉर्ड’ प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक एम. सुरेश, वरिष्ठ कमांडेंट मनीष कुमार राय, महाप्रबंधक डॉ. बी.के. भराली, देवब्रत त्रिपाठी, निर्मल कुमार सिंह, सी.बी. ओझा, टी.एन. सीतारामन, मानव संसाधन प्रमुख अनिरुद्ध सिंह, सुहासिनी संघ की पदाधिकारी, विद्यालयों के प्राचार्य और सीआईएसएफ के जवान उपस्थित रहे।

हर्षोल्लास के साथ संपन्न समारोह में एनटीपीसी विंध्याचल की टीम भावना, प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण दिखाई दिया। कार्यक्रम का समन्वय मानव संसाधन, नगर प्रशासन और सूचना प्रौद्योगिकी विभागों के संयुक्त प्रयासों से किया गया।

Author

Related Articles

Back to top button