अवैध रेत लदे ट्रैक्टर ने 16 वर्षीय किशोरी को कुचला, इलाज के दौरान मौत
जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा,आक्रोशित ग्रामीणों ने गढ़वा-चितरंगी मार्ग पर किया चक्काजाम

सिंगरौली। जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। रेत से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने गढ़वा-चितरंगी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
सुबह हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। साधना साकेत (16) किसी काम से जा रही थी, तभी तेज रफ्तार रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल साधना को तत्काल उत्तर प्रदेश के रॉबर्ट्सगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण उसकी हालत बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर से भड़का आक्रोश
शाम करीब 4 बजे जैसे ही किशोरी की मौत की खबर गांव पहुंची, ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने गढ़वा-चितरंगी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और अवैध रेत परिवहन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से जारी है। बिना किसी रोक-टोक के रेत से भरे ट्रैक्टर तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
पुलिस ने संभाली स्थिति
चक्काजाम की सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया। थाना प्रभारी विद्या वारिधि तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शाम करीब 5 बजे जाम खुलवा दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
अवैध खनन पर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर क्षेत्र में चल रहे अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्ती नहीं की गई तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।













