कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोरवा क्षेत्र में पुलिस का फ्लैग मार्च

सिंगरौली। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मोरवा थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के साथ ही असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया कि जिले में कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस बल ने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से कहा कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस का कहना है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नियमित रूप से गश्त और निगरानी की जा रही है। इससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।
सिंगरौली पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।













