सिंगरौली: 15 वर्षीय किशोर की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम, एक किशोर भी अभिरक्षा में

सिंगरौली। जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध किशोर को भी अभिरक्षा में लिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था।
पुलिस के अनुसार अजब शाह ने 10 मार्च 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र पवन शाह 9 मार्च की रात से लापता है। जांच के दौरान 11 मार्च को पुलिस ने एक खाली मकान से पवन का शव काली पन्नी में लिपटा हुआ बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि आरोपी इरशाद आलम उर्फ टेलर और पंकज गुप्ता का पवन के परिवार के साथ पुराना विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि होली के दिन भी उनके बीच कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पवन की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पवन को शराब लाने के बहाने बुलाया और कुसवाई क्षेत्र में उसका गला दबाकर तथा सिर पर पत्थर पटक कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को मोटरसाइकिल से करीब 12 किलोमीटर दूर पिपरखड़ ले जाकर एक खाली मकान में छिपा दिया।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी पंकज गुप्ता की दुकान और उसके वाहन में आगजनी भी कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की आगे जांच जारी है।













