अमित शाह एक माह में दो बार पटना का दौरा बिहार में नेताओं को जीत का गुरुमंत्र देने आ रहे

पोल खोल पोस्ट / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद सिंतबर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दो बिहार दौरा होने वाले हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर केंद्रीय मंत्री शाह पटना में 18 और 27 सितंबर को बीजेपी के नेताओं के साथ बैठक करने वाले है।
इन बैठकों में शाह बिहार के भाजपा नेताओं को आगामी चुनाव में जीत का मंत्र देने वाले है। इसमें उम्मीदवारों के चयन सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा संभव है। केंद्रीय मंत्री शाह से पहले पीएम मोदी का बिहार दौरा होने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी की 15 सितंबर को पूर्णिया में जनसभा प्रस्तावित है। यहां से पूर्णिया एयरपोर्ट, पटना मेट्रो, दानापुर-जोगबनी वंदे भारत एक्सप्रेस सहित अन्य कई प्रोजेक्ट का शुभारंभ करने वाले है।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री शाह पहले 18 सितंबर को पटना आएंगे। इसके बाद 27 को फिर से पटना का दौरा करने वाले है। दोनों ही दिन पार्टी के संगठनों के साथ शाह बैठक करने और बिहार चुनाव की रणनीति पर चर्चा करने वाले है।
दरअसल, आगामी विधानसभा चुनाव को देखकर भाजपा ने बिहार को 5 जोन में बांटा है। 18 सितंबर को 2 जोन की कमेटी के साथ शाह की मीटिंग होगी। पटना में उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए के अन्य सहयोगी दलों के नेताओं से मुलाकात भी हो सकती है।
बताया जा रहा है कि इसके पहले 13 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पटना आएंगे। वे बिहार बीजेपी की कोर कमेटी के साथ बैठक करने वाले है। पटना में केंद्रीय नेताओं के दौरों की तैयारियों में प्रदेश नेता जुट गए हैं।
बता दें कि अमित शाह की अध्यक्षता में बीते 3 सितंबर को दिल्ली में बिहार बीजेपी कोर कमिटी की बैठक हुई थी। इसमें कैंडिडेट चयन, घोषणा पत्र और चुनाव प्रचार को लेकर रणनीति बनाई गई थी।
अब शाह खुद पटना आकर पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने वाले हैं। इस दौरान वे प्रदेश के भाजपा नेताओं को चुनावी जीत का मंत्र भी देने वाले है। पिछली बैठक में उन्होंने एनडीए में सीट बंटवारे से पहले ही संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पार्टी के प्रदेश नेता इस काम में जुट गए हैं।













