ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

देश की आर्थिक राजधानी से जुड़ी उर्जा की राजधानी

सांसद ने मुंबई के लिए नई नियमित रेल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

सिंगरौली- सिंगरौली क्षेत्र के लिए 7 अप्रैल का दिन ऐतिहासिक रहा जिस दिन ऊर्जा की राजधानी के रूप में जाना जाने वाला सिंगरौली नियमित रूप से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से रेल सेवा से सीधे जुड़ गया। लोकसभा सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर 13379 धनबाद–लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर विधिवत रवाना किया। इसके पश्चात उन्होंने इसी ट्रेन से यात्रा भी प्रारंभ की। सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर इस नई ट्रेन के नियमित संचालन प्रारंभ होने पर एक उत्सव का माहौल रहा और रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों लोग इस उत्सव के साक्षी बने। इस समारोह में सांसद बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, पूर्व जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता, वीरेंद्र गोयल, सांसद प्रतिनिधि संतोष वर्मा, जिलामंत्री व कार्यक्रम में विधायक सिंगरौली के प्रतिनिधि आलोक यादव, भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी नीरज सिंह परिहार, भाजपा के मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह कुरुवंशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र गर्ग एवं रेलवे के मुख्य अधिकारी मंचासीन रहे।

सांसद ने अपने उद्बोधन में इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि नई ट्रेन सेवा से आवागमन में सुविधा के साथ-साथ विकास को नई गति मिलेगी तथा सिंगरौली हमारी ऊर्जा की राजधानी है जिसे प्रदेश की राजधानी भोपाल तथा देश की राजधानी दिल्ली के लिए पहले ही सीधी ट्रेनें प्राप्त हो चुकी हैं और आज देश की आर्थिक राजधानी मुंबई भी इस साप्ताहिक ट्रेन के नियमित हो जाने से सीधे हमारे पहोंच मे आ गई है जोकि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास मे मील का पत्थर साबित होने वाली है। सांसद महोदय ने कहा कि क्षेत्र को आवागमन के दृष्टिकोण से परिपूर्ण करने के लिये चाहे रेल के माध्यम से हो, चाहे सड़क के माध्यम से हो और चाहे हवाई यात्रा के माध्यम से हो उनकी ओर से हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीधी सिंगरौली सड़क के निर्माण कार्य का नई एजेंसी ने शुभारंभ कर दिया है और हवाई यातायात प्रारंभ करने के लिए भी प्रयास जारी है जिसका शीघ्र परिणाम आप सबके सामने होगा। सांसद महोदय ने कहा कि सिंगरौली के विकास के लिए जो भी आवश्यक होगा उसका पूरा प्रयास किया जायेगा।

 

उन्होंने कहा कि इस नई रेल सेवा के पहल से उद्योग, व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और इसके अतिरिक्त चिकित्सकीय कार्य से मुंबई जाने वाले मरीजों तथा विद्यार्थियों और स्थानीय जनमानस को व्यापक लाभ प्राप्त होगा। सांसद जी ने कहा कि भोपाल के लिए अब प्रतिदिन रेल सेवा उपलब्ध है तथा दिल्ली जाने वाली रेल एवं आज प्रारंभ होने वाली इस नवीन रेल के फेरे बढ़ावाने के प्रयास भी जारी हैं तथा शीघ्र ही इन ट्रेनों के प्रतिदिन चलाए जाने की पहल भी उनकी ओर से की जाएगी। सांसद जी स्वयं इस रेल में सवार होकर व्यौहारी के लिए रवाना हुए।

कार्यक्रम मे मुख्य रूप से वरिष्ठ नेता राज कुमार दुबे, रामजी गुर्जर, शारदा प्रसाद शर्मा, विनोद वैश्य, सत्येन्द्र दुबे, आलोक शर्मा, कवि लक्ष्मी कांत जी, शिप्रा दत्ता समेत सैकड़ों कार्यकर्ता व यात्री उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button