तेज रफ्तार शिफ्ट बस ने मिस्त्री को कुचला, सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

सिंगरौली। जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय मिस्त्री की मौत हो गई। हादसा तेलाई मोड़ के पास हुआ, जहां एक निजी कंपनी की तेज रफ्तार शिफ्ट बस ने पैदल जा रहे व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बालकराम सोनी (45) के रूप में हुई है। वह पेशे से मिस्त्री थे और कमानी सुधारने का काम करते थे। शुक्रवार रात काम खत्म करने के बाद वे पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान Reliance Industries से जुड़ी शिफ्ट बस (क्रमांक MP 66 ZD 6180) तेज गति से आई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बालकराम बस के नीचे फंस गए और कुछ दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में पास में मौजूद तीन मवेशी भी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और काफी मशक्कत के बाद घायल को बस के नीचे से बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों की मदद से बालकराम को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के कारण सड़क पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात सुचारू कराया। थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।













