चंडीगढ़ में गोमांस बरामदगी के मामलों की गहन जांच हो: महंत मनोज शर्मा

चंडीगढ़। विश्व हिंदू परिषद चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी महंत मनोज शर्मा ने शहर में अब तक गोमांस बरामदगी से जुड़े सभी मामलों की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उन्होंने बताया कि 14 मार्च 2026 को शिकायत संख्या ICMS/2026/005265 (गौ माता के इंसाफ के लिए) के संबंध में उन्हें पुलिस चौकी सेक्टर-24 चंडीगढ़ में बुलाया गया था। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि चंडीगढ़ में अब तक जिन-जिन मामलों में गोमांस पकड़ा गया है, उन सभी की गहराई से जांच की जानी चाहिए ताकि सच्चाई समाज के सामने आ सके।
महंत मनोज शर्मा ने कहा कि जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि गौ माता का कत्ल कहां किया गया, इस घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे, किन हथियारों का प्रयोग किया गया, गौ माता को लाने और ले जाने के लिए किन वाहनों का इस्तेमाल किया गया तथा गौ माता के अन्य अवशेष कहां हैं।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आना आवश्यक है और यदि किसी व्यक्ति या गिरोह की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके।












