आंध्र प्रदेश में लगातार 2 चक्रवातों से भारी नुकसान, पीएम मोदी ने सीएम नायडू से फोन पर ली जानकारी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से फोन पर बातचीत कर चक्रवात अर्नब और मुरासु से प्रभावित इलाकों की स्थिति और नुकसान का जायजा लिया। एक सप्ताह के भीतर राज्य में 2 चक्रवातों के प्रभाव से किसानों, आम लोगों और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री नायडू ने प्रधानमंत्री को बताया कि भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण किसानों की फसलें बड़े पैमाने पर क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा सड़क और बिजली व्यवस्था सहित कई क्षेत्रों में नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रभावित राज्य को केंद्र सरकार से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने राहत और बचाव कार्यों में राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने चक्रवातों से पैदा हुई चुनौतियों के बीच सतर्कता बरतने और स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री की प्रशंसा की।
चक्रवात मुरासु से 343.95 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान
इससे पहले मुख्यमंत्री नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर राज्य को तत्काल वित्तीय सहायता देने का आग्रह किया था। उन्होंने बताया कि चक्रवात मुरासु से 8 सरकारी विभागों में प्रारंभिक तौर पर 343.95 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। इसमें करीब 94 प्रतिशत नुकसान कृषि क्षेत्र में हुआ है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, 7 जिलों के 465 गांवों में 50,473 हेक्टेयर क्षेत्र की फसलें प्रभावित हुई हैं। इससे 69,828 किसान नुकसान की चपेट में आए हैं। प्रभावित फसलों में 45,900 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती शामिल है। कृषि क्षेत्र में प्रारंभिक नुकसान 324.22 करोड़ रुपये आंका गया है। बापटला, कृष्णा और गुंटूर जिलों में फसलों तथा बागवानी उपज को विशेष रूप से नुकसान पहुंचा है।
12,230 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
राज्य सरकार ने चक्रवात के खतरे को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा था। राहत और बचाव कार्यों के लिए 11 एसडीआरएफ और 13 एनडीआरएफ टीमें तैयार रखी गईं। प्रभावित जिलों में 480 स्कूलों को राहत केंद्रों में बदला गया और 12,230 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
इससे पहले मंगलवार को अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री नायडू से फोन पर बात कर चक्रवात मुरासु से हुए नुकसान और राहत कार्यों की जानकारी ली थी। मुख्यमंत्री ने बताया था कि राज्य चक्रवात अर्नब के प्रभाव से उबर भी नहीं पाया था कि मुरासु ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।












