बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

श्रीकृष्ण पर टिप्पणी के विरोध में 15 नवंबर को बागेश्वर धाम कूच का ऐलान, दामोदर यादव ने दी चेतावनी

 

उज्जैन। भगवान श्रीकृष्ण पर कथित विवादित टिप्पणी को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोध जारी है। उज्जैन के टॉवर चौक पर आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बागेश्वर धाम आश्रम को सील करने और धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने सरकार को 14 नवंबर तक कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।

दामोदर यादव ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 15 नवंबर को एक हजार वाहनों के काफिले के साथ बागेश्वर धाम पहुंचकर आश्रम में ताला लगाने जाएंगे। उन्होंने कहा कि वे धर्म और संविधान में विश्वास रखते हैं तथा भगवान श्रीकृष्ण के अपमान के मामले में सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए।

करैरा की कथा से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना संबंधी टिप्पणी पर कई समाजों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुए और पुतले भी जलाए गए। विरोध बढ़ने पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी थी, लेकिन विरोध थमा नहीं है।

प्रदर्शन के दौरान दामोदर यादव ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग दोहराई।

Author

Related Articles

Back to top button