तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 3 दोस्तों की मौत, एक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे युवक

आबूरोड। राजस्थान के सिरोही जिले में मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। आबूरोड के मावल गांव के पास नेशनल हाईवे-27 पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त मंगलवार रात करीब 10:30 बजे एक ही बाइक से वासड़ा से आबूरोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मावल गांव के पास ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दी।
अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे तीनों
रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत के अनुसार, मृतकों की पहचान माउंट आबू के देलवाड़ा निवासी शंकर, काछोली निवासी प्रकाश और आबूरोड ब्लॉक की सांतपुर पंचायत के चामुंडाफली निवासी दिनेश के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही तीनों परिवारों में शोक छा गया।
ट्रक चालक गिरफ्तार
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया है। चालक की पहचान चित्तौड़गढ़ जिले के निवासी दुर्गालाल के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की गई।












