श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर धमाका, पटरियों के नीचे लगे सीमेंट के 2 ब्लॉक टूटे; 4 ट्रेनें रद्द

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर मंगलवार रात करीब 9:45 बजे हुए विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाके के कारण रेलवे पटरी के नीचे लगाए गए सीमेंट के 2 ब्लॉक पूरी तरह टूट गए, जबकि पटरियों के बीच करीब 2 फीट गहरा गड्ढा बन गया। धमाके की आवाज लगभग 200 मीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद एहतियातन इस रेलखंड पर रेल यातायात बंद कर दिया गया। इसके चलते बुधवार को इस मार्ग से गुजरने वाली 4 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), सीआईडी और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेलवे की टीम भी मंगलवार देर रात करीब 2 बजे घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की गई। एफएसएल टीम घटनास्थल से नमूने लेकर विस्फोट की प्रकृति का परीक्षण करेगी।
ट्रेन गुजरने के करीब 45 मिनट बाद हुआ विस्फोट
रामसिंहपुर थाना प्रभारी राम प्रताप के अनुसार, मंगलवार रात 8:30 बजे अनूपगढ़ जंक्शन से सूरतगढ़ के लिए ट्रेन रवाना हुई थी। रात करीब 9 बजे ट्रेन 50 जीबी गांव के आसपास से गुजरी। इसके लगभग 45 मिनट बाद उसी रेलखंड पर धमाका हुआ। आवाज सुनकर करीब 200 मीटर दूर स्थित ढाणी के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद रात करीब 11 बजे पुलिस और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर ने बताया कि विस्फोट की तीव्रता और रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच की जा रही है। आईबी, सीआईडी और एटीएस की टीमें सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही हैं।












