गुजरात में मध्य प्रदेश के 2 युवकों की जिंदा जलने से मौत, जीतू पटवारी ने मांगी उच्चस्तरीय जांच

भोपाल/अमरेली। गुजरात के अमरेली जिले में मध्य प्रदेश के 2 युवकों की वाहन में आग लगाकर हत्या किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश निवासी रवि बघेल (16) और नितिन पचाया (21) के रूप में हुई है। दोनों रोजगार की तलाश में गुजरात गए थे। घटना को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने चिंता जताते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
पटवारी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों से बड़ी संख्या में आदिवासी युवक-युवतियां रोजगार की तलाश में गुजरात जाते हैं। ऐसे में वहां काम कर रहे प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से गुजरात सरकार से तत्काल बात कर घटना की निष्पक्ष जांच कराने और श्रमिकों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की।
60 हजार रुपये के लेन-देन का विवाद
प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, घटना के पीछे 60 हजार रुपये के लेन-देन का विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वाहन के लेन-देन और बकाया रकम को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश में वाहन में आग लगा दी गई, जिसमें दोनों युवकों की जान चली गई।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में विनोद और राजू नाम के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विनोद ने पूछताछ में वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। दोनों युवकों के खेतों में मजदूरी करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस लेन-देन के विवाद सहित घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।












