ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई

मध्यरात्रि चेकिंग में 12 चालक पकड़े गए, ट्रक-ट्रेलर जब्त; लाइसेंस निलंबन की भी तैयारी

सिंगरौली। सिंगरौली में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। मनीष खत्री (पुलिस अधीक्षक) के निर्देश और सर्वप्रिय सिन्हा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक) व उमेश प्रजापति (नगर पुलिस अधीक्षक) के मार्गदर्शन में 15–16 मार्च की मध्यरात्रि को औचक चेकिंग अभियान चलाया गया।

यातायात पुलिस की टीमों ने शहर के निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा और पुराना ट्रैफिक तिराहा पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान करीब 67 वाहनों की जांच की गई और चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।

चेकिंग के दौरान 10 ट्रक और 2 ट्रेलर के चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने सभी 12 वाहनों को जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने से मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है और वाहन पर नियंत्रण नहीं रह पाता, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।

यातायात पुलिस ने बताया कि पकड़े गए चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को 6 महीने के लिए निलंबित कराने हेतु प्रस्ताव जिला परिवहन कार्यालय भेजा जाएगा।

इस कार्रवाई में थाना यातायात के पुलिसकर्मियों में सउनि सवालिया रावत, सुरेश शुक्ला सहित अन्य यातायात पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।

Author

Related Articles

Back to top button