बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश; एचपीवी वैक्सीनेशन शत-प्रतिशत पूरा करें, गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रखें सख्त निगरानी

सिंगरौली। सिंगरौली कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर गौरव बैनल ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में चल रहे एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को निर्धारित समय पर शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए और छात्राओं के अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाए।

कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि मैदानी अमले के माध्यम से तय समय के भीतर टीकाकरण अभियान पूरा कराया जाए। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह और डीपीसी आर.एल. शुक्ला को निर्देशित किया कि विद्यालयों और छात्रावासों में अध्ययनरत निर्धारित आयु वर्ग की छात्राओं का टीकाकरण सुनिश्चित करें तथा अभिभावकों को इसके लाभों की जानकारी देकर उन्हें प्रेरित करें।

बैठक में आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे और नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान को निर्देश दिए कि जल संरचनाओं के पुनर्जीवन और जीर्णोद्धार के लिए उनका चिन्हांकन कर कार्ययोजना तैयार करें।

इसके अलावा श्रम अधिकारी को औद्योगिक कंपनियों का निरीक्षण कर श्रमिकों की समस्याओं के समाधान और लेबर कोड के पालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तक और गणवेश उपलब्ध कराए जाएं तथा घर-घर संपर्क कर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी पी.सी. चन्द्रवंशी को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व वितरण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाए।

बैठक में संयुक्त कलेक्टर प्रशांत त्रिपाठी, संजीव पाण्डेय, एसडीएम सौरभ मिश्रा, नंदन तिवारी, देवेन्द्र द्विवेदी सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button