बगैया में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण का धरना
आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रमें गोल्ड एवं बेस मेटल के नाम भूमि अधिग्रहण का लगाया आरोप

सिंगरौली -जिले के चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के बगैया गांव में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण द्वारा गोल्ड एवं बेस मेटल परियोजना के नाम पर हो रहे भूमि अधिग्रहण के विरोध में धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सरस्वती सिंह, जिला पंचायत सदस्य अशोक सिंह पैगाम और पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों की जमीन कंपनियों को देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चितरंगी और दूधमनिया तहसील के कई गांवों की जमीन कंपनियों के लिए अधिग्रहित की जा रही है, जिससे आदिवासी और गरीब परिवारों के सामने विस्थापन का खतरा पैदा हो गया है।कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पहले भी रिलायंस कंपनी के नाम पर जमीन अधिग्रहित की गई थी, लेकिन आज तक वहां कोई उद्योग स्थापित नहीं हुआ और किसानों को जमीन भी वापस नहीं मिली।
नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन को कंपनियों के हवाले नहीं होने दिया जाएगा और जरूरत पड़ी तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।साथ ही उन्होंने मांग की कि जिन ग्रामीणों की जमीन ली जा रही है, उन्हें उचित मुआवजा, बेहतर पुनर्वास और संबंधित कंपनियों में स्थायी रोजगार दिया जाए इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक व ग्रामीण अध्यक्ष सरस्वती सिंह, कांग्रेस नेता व जिला पंचायत सदस्य अशोक सिंह पैगाम,पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष ज्ञानेंद्र द्विवेदी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लल्ला राम पांडेय, नरेंद्र चंद्र सिंह सहित सैकड़ो पदाधिकारी कार्यकर्ता आम जनमानस मौजूद रहे













