बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़सीधी

पटवारी 5 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

सीधी में लोकायुक्त पुलिस रीवा की बड़ी कार्रवाई

सीधी। लोकायुक्त पुलिस रीवा ने एक बार फिर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गोपद बनास तहसील के हल्का मिर्चवार में पदस्थ पटवारी मुनेन्द्र सिंह भदौरिया को सोमवार सुबह 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए उनके आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। सुबह-सुबह हुई इस कार्यवाही से समूचे सरकारी अमले में हडक़ंप मच गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम मिर्चवार निवासी शिकायतकर्ता मुनेश्वर प्रसाद सोनी ने हल्का पटवारी मुनेन्द्र सिंह भदौरिया पर तीन अलग-अलग राजस्व मामलों, जिनमें वारिसाना भी शामिल था। इसके लिए कुल 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। पटवारी पहले ही एक मामले के लिए 25 हजार रुपए ले चुका था और शेष दो मामलों के निपटारे के लिए लगातार पैसों की मांग कर रहा था। बता दें कि हल्का पटवारी द्वारा किसान को काफी लंबे समय से परेशान किया जा रहा था जिसके चलते वह तंग आकर लोकायुक्त पुलिस रीवा की शरण में जाकर अपनी पीड़ा व्यक्त की थी। लोकायुक्त पुलिस रीवा ने पीडि़त की शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एक भ्रष्टाचारी पटवारी के खिलाफ यह कार्यवाही की हैं।

शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त में दर्ज कराई थी शिकायत
शिकायतकर्ता मुनेश्वर प्रसाद सोनी ने बताया कि हल्का पटवारी मुनेन्द्र सिंह भदौरिया की ओर से लगातार रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस रीवा की टीम ने गोपनीय जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद कार्रवाई की योजना तैयार कर यह कार्यवाही की गई है।

लोकायुक्त टीम ने पटवारी को रिश्वत लेते पकड़ा
लोकायुक्त पुलिस रीवा में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। योजना के तहत सोमवार सुबह करीब 8 बजे शिकायतकर्ता को सीधी शहर के जिला अस्पताल के पास स्थित पटवारी के आवास पर 5 हजार रुपए देने के लिए भेजा गया। पटवारी की ओर से रिश्वत की रकम लेते ही पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के उपरांत आरोपी पटवारी को हिरासत में ले लिया गया है। लोकायुक्त टीम द्वारा सीधी शहर के सर्किट हाउस में मामले से संबंधित आगे की कानूनी प्रक्रिया पूर्ण की गई।

इनका कहना है।
शिकायत की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
प्रवीण सिंह परिहार, उप पुलिस अधीक्षक
लोकायुक्त रीवा।

Author

Related Articles

Back to top button