देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

आगरा में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 4 गंभीर घायल

लखनऊ/आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। केला देवा मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा चित्राहाट थाना क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।

बताया जा रहा है कि बोलेरो में कुल नौ लोग सवार थे, जो इटावा और औरैया के निवासी थे और मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, जिसके चलते चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।

हादसे में कांता प्रसाद (70), उनके बेटे देवेंद्र (35), बहू सीमा देवी (32), तीन वर्षीय मासूम आराध्या और 20 वर्षीय ऋषि की मौत हो गई। वहीं रोशनी, अवनीश, आदित्य और ऋषभ गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की दर्दनाक याद दिला गया है।

Author

Related Articles

Back to top button