उमरिया में मालगाड़ी के डिब्बे के खिसकने से हादसा, तीन मजदूर घायल

उमरिया:मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के चंदिया रोड रेलवे स्टेशन के लोडिंग यार्ड में शनिवार देर शाम एक हादसा हो गया। चावल की लोडिंग के दौरान मालगाड़ी का एक डिब्बा अचानक पीछे की ओर खिसक गया, जिसकी चपेट में आने से तीन मजदूर घायल हो गए। हादसे में पास खड़ा एक ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, चंदिया स्टेशन के लोडिंग यार्ड में चावल भरने के लिए मालगाड़ी के डिब्बों को खड़ा किया गया था। मजदूर ट्रकों से चावल उतारकर डिब्बों में लोड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक डिब्बा पीछे की ओर लुढ़कने लगा। अप्रत्याशित घटना से मजदूरों का संतुलन बिगड़ गया और वे गिरकर घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार दिया गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। रेलवे के डीटीआई प्रकाश पयासी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है और फिलहाल स्थिति सामान्य है।
रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि लोडिंग के दौरान वैगन अचानक पीछे की ओर कैसे खिसक गई।













