वार्ड 40 के प्रयाग पथ में चला सफाई अभियान, स्वच्छता का लिया संकल्प

सिंगरौली। शारदीय नवरात्र के अवसर पर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 40 स्थित प्रयाग पथ एवं डीएव्ही रोड पर दुर्गा प्रतिमा स्थापना स्थलों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान वार्डवासियों ने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
नगर निगम द्वारा प्रतिवर्ष दुर्गा पंडालों के आसपास सफाई व्यवस्था कराई जाती है। इसी क्रम में इस वर्ष भी वार्डवासियों ने आगे आकर अभियान में सहभागिता निभाई। डीएव्ही रोड पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना वाले स्थानों के आसपास सफाई कर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
अभियान में शामिल लोगों ने संकल्प लिया कि वे न स्वयं गंदगी करेंगे और न दूसरों को गंदगी करने देंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने घर के साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई के प्रति भी जिम्मेदारी निभानी होगी।
वार्डवासियों ने नागरिकों से अपील की कि धार्मिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। अभियान में वार्डवासी एवं नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहे।













