देश विदेश

पुलिस विभाग में “अग्निवीर” जैसी 15 वर्ष की सेवा नीति लागू हो: महंत मनोज शर्मा

चंडीगढ़। विश्व हिंदू परिषद चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी महंत मनोज शर्मा ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पुलिस विभाग में “अग्निवीर” की तर्ज पर 15 वर्ष की निश्चित सेवा नीति लागू करने की मांग की है।

अपने पत्र में महंत मनोज शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आम जनता में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर मनमानी, भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी जैसी समस्याओं के कारण पुलिस की छवि प्रभावित हो रही है, जिससे आम नागरिकों का विश्वास कमजोर पड़ रहा है।
उन्होंने सुझाव दिया कि यदि पुलिस विभाग में भी सेना की “अग्निवीर” योजना की तरह सीमित अवधि की सेवा (लगभग 15 वर्ष) लागू की जाए, तो इससे पुलिस कर्मियों में जवाबदेही और अनुशासन बढ़ेगा। साथ ही, लंबे समय तक एक ही पद पर बने रहने से उत्पन्न प्रभाव और नेटवर्क समाप्त होंगे, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकेगा।

महंत मनोज शर्मा ने अपने पत्र में यह भी कहा कि इस नीति से पुलिस विभाग में युवा, ऊर्जावान और प्रशिक्षित कर्मियों की नियमित भर्ती सुनिश्चित होगी, जिससे कार्यक्षमता और पारदर्शिता में सुधार आएगा। उन्होंने इसे देश की आंतरिक सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने केंद्र सरकार से इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने और आवश्यक नीतिगत निर्णय लेने की अपील की है, ताकि देश में एक निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह पुलिस व्यवस्था स्थापित की जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button