हार्वेस्टर से टक्कर में दो मजदूरों की मौत
घर लौटते समय हुआ हादसा, एक की मौके पर गई जान

नरसिंहपुर। करेली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना पीरा तिराहे के पास हुई, जहां बाइक और हार्वेस्टर की जोरदार टक्कर हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन मजदूर बाइक पर सवार होकर करेली से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक सामने से आ रहे हार्वेस्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आनंदी रजक की मौके पर ही मौत हो गई।
इलाज के दौरान दूसरे ने तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल प्रसन्न नामदेव को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हार्वेस्टर को जब्त कर लिया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।













