खुटार-बनौली मार्ग पर दर्दनाक हादसा, दो की मौत, दो घायल
घायलों की मदद में क्षत्रिय कुलावंत संगठन बना सहारा

सिंगरौली। खुटार-बनौली मार्ग पर तेज रफ्तार के चलते दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच क्षत्रिय कुलावंत संगठन के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य की जिम्मेदारी संभाली। एम्बुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने की स्थिति में संगठन के सदस्यों ने घायलों को अपने निजी वाहनों से तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घटना में शक्तिनगर निवासी एक युवक तथा दीपक साकेत के साथ मौजूद एक अज्ञात युवक की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं, रजमिलान निवासी महिला राजकुमारी शाह की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा अत्यधिक तेज रफ्तार के कारण हुआ, जिससे दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।इस दुखद घटना के बीच क्षत्रिय कुलावंत संगठन के सदस्यों द्वारा दिखाई गई मानवता और संवेदनशीलता की व्यापक सराहना हो रही है। संकट की घड़ी में संगठन की सक्रियता ने यह साबित कर दिया कि समाज में आज भी निस्वार्थ सेवा करने वाले लोग मौजूद हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।











