मध्य प्रदेशसिंगरौली

किसानों की समस्याओं पर आर-पार की लड़ाई, 30 मार्च को बिजली विभाग कार्यालय का घेराव करेगी किसान कांग्रेस

सिंगरौली । जिले में किसानों की बढ़ती समस्याओं और बिजली विभाग की मनमानी के खिलाफ किसान कांग्रेस ने बड़े आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान के निर्देशानुसार, सिंगरौली में 30 मार्च 2026 को एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

किसान कांग्रेस सिंगरौली (शहर) के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार दुबे ने उपखंड अधिकारी (SDM) को पत्र सौंपकर इस आंदोलन की विधिवत जानकारी दे दी है। उन्होंने बताया कि 30 मार्च को दोपहर 12:00 बजे से वैढ़न स्थित मुख्य कार्यपालन अभियंता (बिजली विभाग) कार्यालय के समक्ष सैकड़ों किसान और कार्यकर्ता एकजुट होकर धरना देंगे और ज्ञापन सौंपेंगे।

आंदोलन की प्रमुख मांगें:
प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत सिंगरौली में भी किसानों के हकों को लेकर निम्नलिखित मांगें प्रमुखता से उठाई जाएंगी:
बिजली बिलों में राहत: किसानों के बकाया बिजली बिलों की वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा बिल माफ किए जाएं या आसान किस्तों की व्यवस्था हो।
गेहूं का उचित दाम: किसानों से गेहूं की सरकारी खरीदी ₹4000 प्रति क्विंटल की दर से की जाए।
ऋण अदायगी की तिथि बढ़े: सोसायटी ऋण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए, क्योंकि एमएसपी पर खरीदी 1 अप्रैल से शुरू होनी है।
ट्रेड डील का विरोध: अमेरिका के साथ सोयाबीन ऑयल की टैक्स-फ्री आयात डील तत्काल रद्द हो।
मुआवजा: ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से खराब हुई फसलों का तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा दिया जाए।

गौरतलब है कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर पूरे मध्य प्रदेश में ‘हल्ला बोल’ जारी है। हाल ही में देवास सहित कई अन्य जिलों में भी किसानों ने सड़कों पर उतरकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया है। सिंगरौली किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की इन जायज मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button