रफ्तार का कहर, तेज रफ्तार हाइवा ने मां की गोद में बैठे मासूम को कुचला; आक्रोशितों ने लगाया जाम

सिंगरौली। जिले में रेत, कोयला और गिट्टी परिवहन में लगे भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार लगातार बेगुनाहों की जान ले रही है। बरगवां थाना क्षेत्र के गोनरा गांव में शनिवार को एक ऐसा ही हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मां की गोद में बैठे डेढ़ साल के मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि माता-पिता और एक अन्य बच्चा घायल हो गए।
क्या है पूरी घटना?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बोंदा निवासी प्रेमलाल अगरिया अपनी पत्नी और दो बच्चों (चार साल का बड़ा बेटा और डेढ़ साल का मासूम) के साथ बाइक से जा रहे थे। जब वे गोनरा गांव के पास पहुंचे, तभी क्रेशर से गिट्टी लादकर तेज गति से आ रहे एक हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित हो गई और मां की गोद में बैठा डेढ़ वर्षीय मासूम नीरज अगरिया छिटककर नीचे गिर गया और हाइवा की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे में मासूम की जान चली गई, जबकि प्रेमलाल, उनकी पत्नी और बड़े बेटे को चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
आंखों के सामने दुधमुंहे बेटे की मौत से माता-पिता गहरे सदमे में हैं। पिता प्रेमलाल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते बरगवां-चितरंगी मार्ग पर घंटों तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप रही। ग्रामीणों का आरोप है कि लोडिंग वाहन चालक भारी लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक हाइवा लेकर मौके से फरार हो गया। हंगामे और जाम की सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया और यातायात बहाल किया। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।













