मोरवा वार्ड-10 के राशन दुकान पर पूरे 1 मार्च से 30 मार्च तक लटका रहा ताला,सेल्समैन से हितग्राही परेशान

सिंगरौली-
सिंगरौली जिले के मोरवा वार्ड क्रमांक 10 स्थित सरकारी उचित मूल्य (राशन) दुकान की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। आज 30 मार्च को भी दुकान पर ताला लटका मिला, जिससे बड़ी संख्या में हितग्राहियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है ।सुबह से ही राशन लेने पहुंचे युवा, बुजुर्ग और महिलाएं चिलचिलाती धूप में दुकान के बाहर लाइन लगाकर खड़े रहे, लेकिन दोपहर 2 बजे तक भी दुकान नहीं खुली। इंतजार से थककर कई लोग अपनी जगह पर बोरी और सामान रखकर भोजन करने चले गए, इस उम्मीद में कि शायद लौटने पर दुकान खुल जाए।स्थानीय लोगों ने सेल्समैन सुरेंद्र प्रताप सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह न तो समय पर दुकान खोलते हैं और न ही फोन रिसीव करते हैं।
लोगों के अनुसार, यह समस्या लगातार बनी हुई है और इससे आम जनता को काफी दिक्कत हो रही है।जब मीडिया टीम मौके पर पहुंची, तो वहां बुजुर्ग महिला और दिव्यांग व्यक्ति समेत कई लोग अब भी इंतजार करते नजर आए। लोगों ने बताया कि जब से सुरेंद्र प्रताप सिंह ने जिम्मेदारी संभाली है, तब से राशन वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।स्थानीय निवासियों ने बताया कि पूर्व सेल्समैन के समय में दुकान समय पर खुलती थी और राशन वितरण भी व्यवस्थित तरीके से होता था। लेकिन वर्तमान में स्थिति पूरी तरह बिगड़ चुकी है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह सेल्समैन को तत्काल हटाया जाए और उचित मूल्य दुकान की व्यवस्था को सुधारा जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर खाद्यान्न मिल सके।













