हीरो कप फुटबॉल टूर्नामेंट में रोमांच, क्वार्टर फाइनल मुकाबले आज

सिंगरौली। राजमाता चुन कुमारी स्टेडियम में आयोजित हीरो कप चंदन ग्लोबल रिसॉर्ट एंड वाटर पार्क फुटबॉल टूर्नामेंट में मुकाबले लगातार रोमांचक होते जा रहे हैं। 24 मार्च से शुरू हुआ यह टूर्नामेंट 1 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें जिले की कई टीमें हिस्सा ले रही हैं।

रविवार को खेले गए मुकाबलों में पहला मैच जयंत स्पोर्टिंग क्लब और गौरवी स्पोर्टिंग क्लब के बीच हुआ, जिसमें जयंत स्पोर्टिंग क्लब ने 2-0 से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में श्याम स्पोर्टिंग क्लब ने विंध्यनगर स्पोर्टिंग क्लब को 1-0 से हराया। वहीं तीसरे मुकाबले में एमएससी बार्सिलोना सीनियर ने एयरपोर्ट सिंगरौलीया स्पोर्टिंग क्लब को 2-0 से पराजित किया।
इन मुकाबलों के बाद टूर्नामेंट क्वार्टर फाइनल चरण में पहुंच गया है। सोमवार को चार अहम मुकाबले खेले जाएंगे। पहला क्वार्टर फाइनल जयंत स्पोर्टिंग क्लब और विंध्याचल सोसायटी के बीच होगा। दूसरा मैच एमएससी बार्सिलोना सीनियर और अनपरा स्पोर्टिंग क्लब के बीच खेला जाएगा। तीसरे मुकाबले में श्याम स्पोर्टिंग क्लब का सामना निगाही स्पोर्टिंग क्लब से होगा, जबकि चौथे मैच में दुर्गा स्पोर्टिंग क्लब और एमएससी बार्सिलोना जूनियर आमने-सामने होंगे।
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले 31 मार्च को शाम 6 बजे से आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में स्थानीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है, जिससे खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता राजू तिवारी मौजूद रहे। वहीं जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। रेफरी की भूमिका में सुरेश विश्वकर्मा, दीपक सिंह, राहुल गुप्ता सहित अन्य निर्णायकों ने मैचों का संचालन किया।













