ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

हनुमानताल में बड़ा हादसा टला, पुलिसकर्मियों की सूझबूझ से शिक्षिका की बची जान

जबलपुर के हनुमानताल क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक शिक्षिका पूजा सामग्री विसर्जन करने के दौरान अपनी एक्टिवा सहित तालाब में जा गिरीं। जानकारी के अनुसार, शिक्षिका सुबह के समय हनुमानताल पहुंची थीं और किनारे पर खड़े होकर पूजा सामग्री विसर्जित कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह वाहन सहित सीधे गहरे पानी में गिर गईं।

घटना को देखकर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और मदद के लिए आवाजें उठने लगीं। मौके पर तैनात हनुमानताल थाने के एएसआई चतुर्भुज और आरक्षक दिलीप दुबे ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए तालाब में छलांग लगा दी। दोनों पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद शिक्षिका को सुरक्षित बाहर निकाला। समय पर किए गए इस साहसिक प्रयास से उनकी जान बच सकी। बाहर निकालने के बाद उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध कराया गया।

स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों की बहादुरी और तत्परता की सराहना की है। वहीं, इस घटना ने हनुमानताल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल भी खोल दी है। तालाब के आसपास लगी कई रेलिंग क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं या चोरी हो गई हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि घटना भीड़भाड़ के समय हुई, जिससे तत्काल मदद मिल सकी। यदि यही हादसा सुनसान समय में होता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button