देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

जनरल नरवणे की नई किताब चर्चा में: सैन्य रहस्यों और मिथकों से उठेगा पर्दा

‘द क्यूरियस एंड द क्लासिफाइड’ की घोषणा के साथ फिर सुर्खियों में पूर्व सेना प्रमुख, पिछली किताब को लेकर रहा था विवाद

नई दिल्ली। भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख जनरल एमएम नरवणे एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी नई नॉन-फिक्शन किताब The Curious and the Classified: Unearthing Military Myths and Mysteries है, जिसकी घोषणा रूपा पब्लिकेशंस ने की है।

प्रकाशकों के अनुसार यह किताब भारतीय थल सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी उन अनछुई कहानियों और लोककथाओं को सामने लाएगी, जो अब तक आम लोगों की नजरों से दूर रही हैं। किताब को लेकर रक्षा विशेषज्ञों और पाठकों में उत्सुकता देखी जा रही है।
दरअसल, यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब जनरल नरवणे की पिछली संस्मरण पुस्तक Four Stars of Destiny को लेकर विवाद सामने आया था। संसद में राहुल गांधी द्वारा इसके कथित अंशों का हवाला दिए जाने के बाद राजनीतिक बहस तेज हो गई थी, जिस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आपत्ति जताई थी।

नई किताब में सैन्य इतिहास के साथ-साथ रोचक और रहस्यमयी किस्सों को शामिल किया गया है। इसमें ‘चक दे फट्टे’ जैसे नारों की उत्पत्ति, बाबा हरभजन सिंह से जुड़ी लोककथाएं, 1944 की कोहिमा लड़ाई के नायक बदलूराम की कहानी और युद्ध से जुड़े कई दिलचस्प प्रसंगों का जिक्र है।

इसके अलावा नौसेना के जहाज आईएनएस खुकरी, वायुसेना के पायलटों के कॉल साइन और सैन्य परंपराओं से जुड़े कई अनसुने पहलुओं को भी किताब में जगह दी गई है।
करीब चार दशकों के सैन्य अनुभव वाले जनरल नरवणे ने दिसंबर 2019 से अप्रैल 2022 तक सेना प्रमुख के रूप में कार्य किया। अब उनकी यह नई किताब सैन्य इतिहास और रहस्यों को एक नए नजरिए से पेश करने का प्रयास मानी जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पुस्तक रक्षा मामलों में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित हो सकती है।

Author

Related Articles

Back to top button