नई दिल्ली: टेकऑफ से पहले टला बड़ा विमान हादसा, इंजन फेल होने पर फ्लाइट रोकी गई

नई दिल्ली। राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा टल गया। स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस की दिल्ली से ज्यूरिख जा रही फ्लाइट में टेकऑफ से ठीक पहले इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए उड़ान रोक दी।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट एलएक्स147 रनवे 28 पर करीब 1 बजे तेज रफ्तार पकड़ रही थी, तभी इंजन में अचानक गड़बड़ी सामने आई। हालात को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रद्द कर दिया और विमान को सुरक्षित रोक लिया। इसके बाद एहतियातन सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि यह विमान Airbus A330 था, जिसमें कुल 232 यात्री सवार थे, जिनमें 4 बच्चे भी शामिल थे। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल किया गया।
इमरजेंसी निकासी में 6 यात्री घायल
इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकलते समय छह यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि, सभी क्रू मेंबर्स सुरक्षित बताए जा रहे हैं। कुछ यात्रियों को स्लाइड से उतरने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उनके लिए सीढ़ियों की व्यवस्था की गई।
एयरलाइन ने जांच के दिए आदेश
एयरलाइन ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि घटना की विस्तृत जांच की जाएगी। इसके लिए तकनीकी टीम को दिल्ली भेजा जा रहा है, जो विमान की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी। साथ ही यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था की जा रही है। जिन यात्रियों को तत्काल फ्लाइट उपलब्ध नहीं हो सकी, उनके लिए होटल में ठहरने की सुविधा भी दी गई है।
इस घटना के बाद कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।













