देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में फायरिंग, राष्ट्रपति सुरक्षित

वॉशिंगटन। अमेरिकी राजधानी में स्थित वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कार्यक्रम के बीच फायरिंग की घटना सामने आई। घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी कार्यक्रम में मौजूद थे। दोनों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी की इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। मौके पर मौजूद यूएस सीक्रेट सर्विस ने तुरंत सुरक्षा घेरा मजबूत कर हालात को काबू में कर लिया।

बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ शामिल हुए थे। यह डिनर कार्यक्रम वॉशिंगटन के पत्रकारों द्वारा हर साल आयोजित किया जाता है, जहां राष्ट्रपति मीडिया से बातचीत भी करते हैं। ट्रंप पहली बार बतौर राष्ट्रपति इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

ट्रंप ने दी प्रतिक्रिया
घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि सीक्रेट सर्विस ने बेहतरीन काम किया और हमलावर को तुरंत पकड़ लिया गया। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि 30 दिनों के भीतर यह कार्यक्रम दोबारा आयोजित किया जाएगा।

सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद हमलावर के होटल के अंदर हथियार लेकर पहुंचने को बड़ी चूक माना जा रहा है। हालांकि, राष्ट्रपति ने एजेंसियों के काम की सराहना की है।

फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावर का निशाना सीधे राष्ट्रपति थे या नहीं। जांच एजेंसियां हमलावर के मकसद और उसके बैकग्राउंड की पड़ताल कर रही हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 30 साल का है और कैलिफोर्निया का रहने वाला है। उससे पूछताछ जारी है।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है, जबकि कुछ ही देर में राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

Author

Related Articles

Back to top button